बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। लगातार हो रही बारिश के चलते मगरोंन थाना क्षेत्र के ग्राम इटवा मंगोला में एक कच्चे मकान का छप्पर भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद ग्राम कोटवार रविकांत अठया छप्पर की चपेट में आकर घायल हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल रविकांत अठया ने बताया कि घटना के समय वह घर के अंदर खाना खा रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के कारण मकान का छप्पर अचानक गिर पड़ा, जिससे उन्हें चोटें आईं। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में कच्चे मकानों को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।




