नई दिल्ली। भारत सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना 'आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' के आठ साल पूरे होने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि यह योजना स्वस्थ नागरिक और एक मजबूत राष्ट्र के विजन के साथ लगातार आगे बढ़ रही है।भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने नागरिकों के लिए हेल्थकेयर सुरक्षा को आसान बनाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दिया।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में 48.51 करोड़ से ज्यादा लोगों के पास आयुष्मान कार्ड है और 13.25 करोड़ मामलों के लिए 2.03 लाख करोड़ रुपए की फंडिंग की गई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत का सफर 8 साल पहले शुरू हुआ था, उसने देशभर के नागरिकों के लिए हेल्थकेयर सुरक्षा को और ज्यादा आसान बनाने की दिशा में एक नया अध्याय शुरू किया है।
उन्होंने बताया कि 'आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' के जरिए सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 60 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को सालाना 5 लाख रुपए तक का हेल्थ कवर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि देशभर में 1.86 लाख से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने समुदायों के लिए 500 करोड़ से ज्यादा हेल्थकेयर विजिट को आसान बनाया है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत स्वस्थ नागरिक और मजबूत भारत के विजन के साथ आगे बढ़ रहा है। यह स्कीम भारत की लगभग 33 प्रतिशत आबादी को कवर करती है और इसमें 38,000 से ज्यादा सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों का नेटवर्क शामिल है।
'आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' जो एक पब्लिक हेल्थ एश्योरेंस स्कीम है, इसक मकसद परिवारों को भारी-भरकम मेडिकल बिलों से बचाना है। यह 27 मेडिकल स्पेशलिटीज में 1,961 प्रोसीजर के लिए कैशलेस हेल्थकेयर सर्विस देती है।
मार्च 2024 में सरकार ने इस स्कीम का दायरा बढ़ाते हुए इसमें मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (आशा), आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी सहायिकाओं के लगभग 37 लाख परिवारों को भी शामिल किया था।
फिलहाल, इस स्कीम के तहत आशा/आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी साहियका के लिए 44.81 लाख से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।













