दमोह, राजेन्द तिवारी। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन एवं हटा एसडीओपी कृष्ण पाल सिंह के नेतृत्व में अनुविभागीय पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 पिस्टल, 2 देसी कट्टे तथा 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जबकि गिरोह के 3 अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का संबंध दमोह, जबलपुर, कटनी और पन्ना जिलों से है। आरोपियों के खिलाफ हटा थाना में अपराध क्रमांक 345 एवं 346 के तहत धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।


शनिवार दोपहर 1 बजे आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में यश, जीवनलाल, निखिल, अनुज, जयहिंद यादव, दीपक, आशीष लोधी, दिनेश और जशवेंद्र शामिल हैं।


पुलिस का कहना है कि फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह का नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ है और अवैध हथियारों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी। पुलिस ने इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही।