भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में कुल 9662 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इनमें सबसे अधिक 7500 आरक्षक (जनरल ड्यूटी) और 1000 आरक्षक (चालक) के पद शामिल हैं। इसके अलावा 655 स्टेनो कैडर तथा 507 सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर के पदों पर भी भर्ती की जाएगी। इन पदों पर भर्ती के लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) जल्द ही विस्तृत विज्ञापन जारी करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में पुलिस मुख्यालय में आयोजित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में विभाग के रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए थे। इसके बाद गृह विभाग ने चार अलग-अलग आदेश जारी कर भर्ती प्रक्रिया को प्रशासनिक मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुलिस बल को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और आगामी महीनों में रिक्त पदों की भर्ती के साथ-साथ पदोन्नति की प्रक्रिया भी तेज गति से जारी रहेगी।
भर्ती के लिए जारी होने वाले ESB के नोटिफिकेशन में आवेदन प्रक्रिया, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा पैटर्न, शारीरिक दक्षता परीक्षा और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य पुलिस विभाग में 18 हजार पदों को भरने का है। फिलहाल 9662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है, जबकि शेष रिक्त पदों पर भी जल्द स्वीकृति जारी की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी सरकार ने 8500 पुलिस पदों पर भर्ती की स्वीकृति प्रदान की थी। सरकार का मानना है कि नई भर्तियों से पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।




