छतरपुर/खजुराहो, तुलसीदास सोनी। भक्ति, आस्था और दृढ़ संकल्प की मिसाल पेश करते हुए टीकमगढ़ के युवक अमन सोनी करीब दो वर्षों में 15 हजार 500 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर खजुराहो पहुंचे। इस लंबी धार्मिक यात्रा के दौरान अमन सोनी ने देश के 12 ज्योतिर्लिंगों, चार धाम और 16 शक्तिपीठों के दर्शन किए।
पैदल यात्रा के माध्यम से धर्म और आस्था का संदेश देते हुए अमन ने देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा की। खजुराहो पहुंचने पर खजुराहो व्यापारी संघ और स्थानीय समाजसेवियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया और उनकी कठिन पदयात्रा की सराहना की गई।
बताया गया है कि अमन सोनी अब खजुराहो से बागेश्वर धाम के लिए रवाना होंगे। बागेश्वर धाम में दर्शन करने के बाद वे अगले तीन से चार दिनों में अपने गृह नगर टीकमगढ़ पहुंचेंगे। करीब दो साल तक चली उनकी 15,500 किलोमीटर की यह पदयात्रा भक्ति और संकल्प का अनूठा उदाहरण बन गई है।




