छतरपुर, शिवम सोनी। शहर के सौर पहाड़ी वार्ड क्रमांक-2 निवासी जयराम अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपते हुए न्याय की मांग की है। उन्होंने हरिजन थाना में पदस्थ पुलिसकर्मी जग प्रसाद अहिरवार पर पारिवारिक विवाद में हस्तक्षेप करने, जान से मारने की धमकी देने और झूठे मामलों में फंसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
आवेदन के अनुसार, जयराम अहिरवार का आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी ने अपनी बहन के साथ मिलकर उनके बड़े भाई के लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के टेंट व्यवसाय पर कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही पुलिस में पदस्थ होने का प्रभाव दिखाते हुए लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मी उन्हें और उनके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता है, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जीवन यापन करने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी अपने पद का दुरुपयोग कर परिवार पर लगातार दबाव बना रहा है।
जयराम अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपों की सत्यता की पड़ताल कराने, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।




