कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में पुलिस विभाग ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए दिवंगत आरक्षक भूपेन्द्र सिंह ठाकुर के ढाई वर्षीय पुत्र पृथ्वीराज सिंह ठाकुर को अनुकंपा नियुक्ति योजना के तहत बाल आरक्षक का नियुक्ति पत्र सौंपा। कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने परिवार की मौजूदगी में यह नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस भावुक क्षण पर बच्चे की मां की आंखें नम हो गईं।


आरक्षक भूपेन्द्र सिंह ठाकुर की दमोह जिले में ड्यूटी के दौरान एक सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई थी। उस समय उनका पुत्र पृथ्वीराज महज ढाई वर्ष का था। पिता के निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, लेकिन अब पुलिस विभाग की इस पहल से परिवार को भविष्य के लिए नई उम्मीद मिली है।


पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों के प्रति भी जिम्मेदार है। सेवा के दौरान किसी कर्मचारी के निधन की स्थिति में उसके आश्रितों को नियमानुसार सहायता और रोजगार उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से सुरक्षित रह सके। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और परिजनों ने इसे संवेदनशील एवं प्रेरणादायी पहल बताया।