सटई, तौफीक अहमद। नगर के वार्ड क्रमांक 14 निवासी राजकुमारी पटैल की आकाशीय बिजली गिरने से घायल होने के बाद समय पर उपचार नहीं मिलने से हुई मौत के विरोध में परिजनों और नगरवासियों का आक्रोश शनिवार को भी जारी रहा। शुक्रवार शाम घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सटई लाया गया था, लेकिन अस्पताल में ड्यूटी पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। उपचार में देरी होने के कारण परिजन महिला को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जा रहे थे, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना से नाराज परिजनों ने शुक्रवार शाम बस स्टैंड पर चक्काजाम कर दिया, जो पूरी रात जारी रहा। शनिवार सुबह नगर के व्यापारियों ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सूचना मिलते ही एसडीएम बिजावर विजय कुमार द्विवेदी, एसडीओपी अजय कुमार, तहसीलदार लक्ष्मी प्रसाद अहिरवार, नायब तहसीलदार इंद्र कुमार गौतम, थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ सहित तीन थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग थी कि ड्यूटी से अनुपस्थित डॉक्टर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए तथा सटई अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ ने डॉ. अरुणेंद्र शुक्ला का तत्काल प्रभाव से सटई से बकस्वाहा तबादला करने के आदेश जारी किए। वहीं एसडीएम विजय कुमार द्विवेदी ने अस्पताल का निरीक्षण कर अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
एसडीएम की समझाइश और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद परिजन आंदोलन समाप्त करने पर सहमत हुए और बस स्टैंड से जाम हटा दिया गया। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में सटई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे डॉक्टर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




