श्योपुर, उत्तम मीणा। जिले में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग, राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध उत्खनन और रेत भंडारण के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक जेसीबी मशीन ज़ब्त की, वहीं करीब 25 ट्रॉली अवैध रेत को मौके पर ही नष्ट कर दिया।


जानकारी के अनुसार खनिज विभाग के प्रभारी अधिकारी राजेश कुमार गंगेले ने तहसील बड़ौदा के ग्राम चन्द्रपुरा में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने खनिज मिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को रंगे हाथों पकड़ा। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को ज़ब्त कर लिया। संबंधित आरोपियों के खिलाफ म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


वहीं ग्राम सलमान्या स्थित सुमन ढाबा के पास अवैध रूप से रेत का भारी मात्रा में भंडारण किए जाने की सूचना पर संयुक्त टीम मौके पर पहुँची। कार्रवाई के दौरान लगभग 25 ट्रॉली अवैध रेत का मौके पर ही विनष्टीकरण कर दिया गया।


प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।