जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में अवैध कारोबार, अनैतिक गतिविधियों और नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे केबिन कल्चर पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस प्रशासन और नगर निगम की विशेष टीमों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित ऐसे कैफे और होटलों में औचक छापेमारी की, जहां नियम-विरुद्ध तरीके से गुप्त केबिन बनाकर ग्राहकों को घंटे के हिसाब से किराए पर उपलब्ध कराया जा रहा था। सघन जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं और बिल्डिंग नियमों का भारी उल्लंघन पाए जाने पर नगर निगम ने 'बिल्डिंग एक्ट' के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 चर्चित कैफे को मौके पर ही सील कर दिया।


जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के कड़े निर्देशों पर शहर में अवैध गतिविधियों, अनैतिक कार्यों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु बेनिवाल तथा नगर निगम के अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस और नगर निगम अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित संदिग्ध होटलों और कैफे पर एक साथ दबिश देकर जांच अभियान चलाया।


संयुक्त प्रशासनिक टीम द्वारा ओमती, अधारताल और माढ़ोताल थाना क्षेत्रों में स्थित जिन कैफे पर छापेमारी कर गहन जांच-पड़ताल की गई उनमें ओमती थाना क्षेत्र का डी.एक्स. कैफे, एरिक कैफे, आधारताल थाना क्षेत्र के आमखेरा का काम 25 कैफे, माढ़ोताल थाना क्षेत्र के ​खिजरी ​खिरिया का सैम कैफे और कैफे चैप्टर वन शामिल है।


जांच अधिकारी जब इन प्रतिष्ठानों के भीतर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। जांच में इन सभी कैफे में कई प्रकार की गंभीर और आपत्तिजनक अनियमितताएं उजागर हुईं। आरोप है कि संचालकों ने कैफे की आड़ में छोटे-छोटे गुप्त केबिन बना रखे थे, जिन्हें ग्राहकों को घंटे के हिसाब से मनमाने दामों पर उपलब्ध कराया जाता था, जिससे क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों के संचालन की भारी आशंका बनी हुई थी। इसके अलावा, भवन निर्माण, सुरक्षा मानकों और व्यावसायिक संचालन संबंधी नियमों का भी सरेआम उल्लंघन पाया गया। प्रशासनिक खामियां साबित होने के बाद नगर निगम टीम ने बिल्डिंग एक्ट के तहत सभी 5 कैफे के मुख्य द्वारों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।


कार्रवाई के बाद पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि जबलपुर शहर की शांति और सामाजिक व्यवस्था बिगाड़ने वाली अनैतिक गतिविधियों, अवैध कारोबार और नियमावलियों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने शहर के सभी होटल, रेस्तरां और कैफे संचालकों को वैधानिक व कानूनी नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने की अंतिम चेतावनी दी है। इसके साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उनके आसपास कहीं भी ऐसी संदिग्ध या अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हों, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।