अशोकनगर, ओमप्रकाश कुशवाह । अशोकनगर में देह व्यापार और ब्लैकमेलिंग के मामले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड महिला के मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने नगर पालिका की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मकान को जमींदोज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को बाईपास रोड स्थित दीपेश कॉलोनी में एक मकान में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर 13 जुलाई को पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें दो महिलाओं और छह पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान देह व्यापार के साथ ब्लैकमेलिंग का मामला भी सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने नगर पालिका से संबंधित मकान की वैधता की जांच रिपोर्ट मांगी थी। नगर पालिका द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण पाए जाने पर बुलडोजर की कार्रवाई की और मकान को ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन का कहना है कि अवैध गतिविधियों और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।




