अहमदाबाद। देश की सबसे बड़ी निजी ताप विद्युत उत्पादक कंपनी अदाणी पावर लिमिटेड (एपीएल) ने सोमवार को कहा कि उसके पर्यावरण, सामाजिक और सुशासन (ईएसजी) प्रदर्शन में सुधार दर्ज किया गया है। कंपनी का ईएसजी स्कोर बढ़कर 66 हो गया है, जो पिछले मूल्यांकन में 65 था। इसके साथ ही कंपनी ने भारतीय ताप विद्युत, मिश्रित ईंधन और एकीकृत ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के मुकाबले अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखी है।कंपनी को एनएसई सस्टेनेबिलिटी के नवीनतम आकलन में एक बार फिर 'एस्पायरिंग' श्रेणी में रखा गया है।
एनएसई सस्टेनेबिलिटी, सेबी-पंजीकृत ईएसजी रेटिंग प्रदाता और एनएसई इंडिसीज की सहायक कंपनी है, जो सूचीबद्ध कंपनियों के पर्यावरणीय, सामाजिक और प्रशासनिक प्रदर्शन का मूल्यांकन करती है।
अदाणी पावर के अनुसार, यह सुधार स्थिरता आधारित पहलों और परिचालन दक्षता बढ़ाने के प्रयासों का परिणाम है। कंपनी ने बताया कि उसने अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक वाले कम उत्सर्जन संयंत्रों का उपयोग बढ़ाया है। इसके साथ ही निरंतर उत्सर्जन निगरानी प्रणाली, ऊर्जा दक्षता कार्यक्रम, जल संरक्षण उपाय और अपशिष्ट प्रबंधन पहलों को भी मजबूत किया गया है।
सामाजिक क्षेत्र में कंपनी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास पर केंद्रित कई कार्यक्रम चलाए हैं। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियां, स्वास्थ्य शिविर और स्थानीय समुदायों के लिए आजीविका संवर्धन परियोजनाएं शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य उसके परिचालन क्षेत्रों के आसपास के समुदायों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
एनएसई सस्टेनेबिलिटी हर वर्ष भारत की 500 सूचीबद्ध कंपनियों का मूल्यांकन करता है और निवेशकों तथा अन्य हितधारकों को कंपनियों की दीर्घकालिक मूल्य सृजन क्षमता और ईएसजी प्रदर्शन का स्वतंत्र आकलन उपलब्ध कराता है।
सुशासन के मोर्चे पर अदाणी पावर ने दावा किया कि उसकी विभिन्न बोर्ड समितियों में स्वतंत्र निदेशकों का प्रतिनिधित्व नियामकीय आवश्यकताओं से अधिक है।
कंपनी ने अपनी आपूर्ति श्रृंखला में शामिल आपूर्तिकर्ताओं और ठेकेदारों के लिए भी ईएसजी मानकों को अपनाने की बात कही है, ताकि पूरे कारोबार तंत्र में जिम्मेदार कारोबारी प्रथाओं को बढ़ावा दिया जा सके।
कंपनी को हाल के वर्षों में कई अन्य वैश्विक और घरेलू स्थिरता रेटिंग्स भी मिली हैं। अदाणी पावर को एसएंडपी ग्लोबल कॉरपोरेट सस्टेनेबिलिटी असेसमेंट में 100 में से 71 अंक प्राप्त हुए, जबकि एफटीएसई रसेल ने उसे 5 में से 4.3 अंक की रेटिंग दी है।
इसके अलावा, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केयरएज ईएसजी रेटिंग्स ने कंपनी को 100 में से 80 अंक दिए हैं। इस स्कोर के आधार पर कंपनी को एजेंसी की 'लीडरशिप' श्रेणी में रखा गया है, जो उद्योग के औसत स्तर से ऊपर माना जाता है।
अदाणी पावर का कहना है कि ये रेटिंग्स उसके कारोबार और दीर्घकालिक विकास रणनीति में स्थिरता संबंधी सिद्धांतों को शामिल करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
शेयर बाजार में सोमवार को एनएसई पर अदाणी पावर का शेयर 204.40 रुपए पर बंद हुआ।




