भोपाल,जीतेंद्र यादव । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालयों के आसपास स्थित शराब दुकानों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर उठाई गई इस मांग ने शहर के प्रमुख इलाके में काफी देर तक माहौल गर्माए रखा।
प्रदर्शन का मुख्य केंद्र MLB Girls College के पास स्थित शराब दुकान रही, जहां बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता एकत्रित हुए और दुकान के सामने सड़क पर बैठकर विरोध जताया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज के नजदीक शराब की दुकान होने से छात्राओं की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है और आए दिन असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ जाती है।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कार्यकर्ताओं ने पॉलिटेक्निक चौराहा पर पहुंचकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान कई वाहनों को रोक दिया गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान शराब दुकान के खिलाफ उग्र रुख अपनाते हुए पत्थरबाजी की और लाठियों से दुकान में तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने दुकान का बोर्ड भी तोड़ दिया और मिनी ट्रक पर चढ़कर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। इस घटनाक्रम के बाद सुरक्षा के मद्देनजर शराब दुकान को बंद कर दिया गया।
ABVP कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक कॉलेजों के आसपास से शराब की दुकानें नहीं हटाई जातीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


