सतना,अंबिका केशरी। जिले के नजीराबाद क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता शहनाज बानो, पति मो. नसीम, अपने दो छोटे बच्चों—7 वर्षीय बेटी शिफा और 5 वर्षीय बेटे जूनेद—को साथ लेकर जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गई हैं। महिला का आरोप है कि उसके पति और ससुराल पक्ष के लोग लंबे समय से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से उत्पीड़न का सामना कर रही है। उसके अनुसार, ससुराल पक्ष द्वारा आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दी जाती है। इस संबंध में उसने कई बार कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हर बार उसे सिर्फ आश्वासन ही मिला, कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शहनाज बानो का कहना है कि पुलिस प्रशासन की अनदेखी और उदासीन रवैये से वह पूरी तरह निराश हो चुकी है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद जब उसे न्याय नहीं मिला, तो उसने अंतिम विकल्प के रूप में धरना देने का निर्णय लिया। वह अपने दोनों मासूम बच्चों के साथ जिला अस्पताल के गेट पर बैठी है, जिससे उसकी स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। धरने के दौरान महिला ने स्पष्ट कहा कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाएगी, वह अपने घर वापस नहीं जाएगी। उसने प्रशासन से मांग की है कि उसके पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसे सुरक्षा प्रदान की जाए। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कई लोगों ने महिला की स्थिति पर सहानुभूति जताई और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की। वहीं, बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए लोगों ने चिंता भी व्यक्त की। फिलहाल, इस मामले ने तूल पकड़ लिया है और जिला प्रशासन व पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।
पति व ससुराल पक्ष से प्रताड़ित महिला बच्चों संग अस्पताल गेट में धरने पर बैठी

Saurabh Shukla
9 अप्रैल 2026, 11:06 am IST
Saurabh Shukla9 अप्रैल 2026, 11:06 am IST
