भोपाल (पंकज यादव)। क्या आपने कभी सोचा है कि सोशल मीडिया का एक मज़ाकिया मीम, देश के सबसे बड़े और गंभीर मुद्दों की आवाज़ बन सकता है? जी हाँ, इन दिनों इंटरनेट पर एक नाम सबसे तेज़ी से वायरल हो रहा है- 'कॉकरोच जनता पार्टी' यानी CJP
चौंकिए मत, यह कोई असली राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि देश के युवाओं का एक ऐसा डिजिटल आंदोलन है, जिसने महज़ कुछ ही दिनों में इंस्टाग्राम पर करोड़ से ज़्यादा फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। लेकिन इस मज़ाकिया नाम के पीछे छिपा है युवाओं का एक गहरा दर्द और सिस्टम के खिलाफ गुस्सा। सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी से शुरू हुआ यह मीम-वार अब एक बड़े डिजिटल आंदोलन का रूप ले चुका है। आखिर क्या है यह कॉकरोच जनता पार्टी, कैसे एक पॉलिटिकल स्ट्रैटेजिस्ट ने इसे हवा दी, और क्यों इसके पीछे युवा इतने दीवाने हो रहे हैं? आइए जानते हैं इस पूरी रिपोर्ट में...
यह पूरा विवाद उस वक्त शुरु हुआ, जब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में CJI सूर्यकांत की एक टिप्पणी वायरल हुई, जिसमें बेरोज़गार युवाओं को लेकर कॉकरोच जैसी तुलना की बात सामने आई। बाद में CJI की तरफ से सफाई आई कि उनका निशाना बेरोज़गार युवा नहीं, बल्कि फर्जी डिग्री और सिस्टम में गलत तरीके से घुसने वाले लोग थे, लेकिन उनके इसी बयान के बाद सोशल मीडिया पर गुस्सा, मीम्स और व्यंग्य का माहौल बन गया।
कौन हैं अभिजीत दिपके, जिसने हिला डाला सिस्टम?
सीजेआई की टिप्पणी से उपजे इस आंदोलन के बीच 16 मई 2026 को अभिजीत दिपके नाम के एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आधिकारिक रूप से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लॉन्च कर दिया। 30 वर्षीय अभिजीत महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले हैं, जिन्होंने पुणे से पत्रकारिता और बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर्स किया है। वे एक पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटेजिस्ट हैं और पहले आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया कैंपेन से भी जुड़े रहे हैं, जिसके कारण वे युवाओं की भाषा और इंटरनेट-मीम कल्चर को राजनीतिक संदेश में बदलने में माहिर माने जाते हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) नाम का यह सोशल मीडिया ट्रेंड असल में कोई वास्तविक राजनीतिक दल नहीं बल्कि युवाओं का एक तीखा ऑनलाइन व्यंग्यात्मक आंदोलन है।
4 दिनों में 13.3 मिलियन हुई फॉलोअर्स की संख्या
कॉकरोच जनता पार्टी लॉन्च होते ही इसे सोशल मीडिया पर अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली और मात्र 4 दिनों में इसके फॉलोअर्स की संख्या में लाखों-करोड़ों की विस्फोटक बढ़ोतरी देखी गई। और अब तो हाल यह है कि हर मिनिट लाखों की संख्या में फॉलोअर बढ़ रहे हैं। इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स का आंकड़ा तेजी से बढ़ते हुए 90 लाख से लेकर 1.3 करोड़ यानि की 13.1M तक पहुंच गया। इस अभियान का मुख्य नारा सैक्यूलर, सोशिलिस्ट, डैमोक्रेटिक, लेजी भी खूब वायरल हुआ। इसी तेजी के बीच एक मोड़ तब आया जब मुख्यधारा की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग 1.5 लाख फॉलोअर्स वाले इसके मुख्य X अकाउंट को सस्पेंड यानि की बैन कर दिया गया, हालांकि इंस्टाग्राम पर इसकी पहुंच लगातार बनी रही।
जनता को छूने वाले मुद्दों पर बात कर रही CJP
भले ही यह आंदोलन एक मीम और मजाक के रूप में शुरू हुआ, लेकिन इसके मंच से युवाओं ने देश के बेहद गंभीर और वास्तविक मुद्दों को हवा दी है। इस डिजिटल मोर्चे के माध्यम से बेरोजगारी, सरकारी परीक्षाओं में देरी, पेपर लीक और परीक्षा घोटालों पर कड़ा तंज कसा गया। इसके साथ ही इस आंदोलन से जुड़ी मांगों में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, मीडिया की जवाबदेही, दल-बदल पर रोक, आरटीआई को मजबूत करना और महिलाओं के लिए 50% आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए, जिससे यह सिर्फ मजाक न रहकर युवाओं की गहरी नाराजगी का प्रतीक बन गया।
क्या कहते हैं राजनैतिक जानकार
यदि राजनीतिक दृष्टिकोण से देखा जाए, तो इस आंदोलन से सरकार या स्थापित राजनीतिक दलों को कोई तात्कालिक चुनावी खतरा या डर नहीं है, क्योंकि इसके पास कोई जमीनी संगठन या नीति-निर्माण की शक्ति नहीं है। बीबीसी सहित कई बड़े मीडिया आउटलेट्स ने इसे पारंपरिक राजनीति के बजाय एक प्रतीकात्मक विरोध माना है। कुल मिलाकर, यह मामला भारत में ऑनलाइन राजनीति के एक नए दौर को दिखाता है, जहां युवा अब सड़कों पर उतरने के बजाय इंटरनेट, मीम्स और डिजिटल टूल्स के जरिए सत्ता और व्यवस्था पर एक बड़ा नैरेटिव प्रेशर बनाने में सक्षम हैं।
तो यह थी कहानी 'कॉकरोच जनता पार्टी' की। भले ही इस मोर्चे का नारा खुद को 'लेज़ी' यानी आलसी कहता हो, लेकिन बेरोजगारी, पेपर लीक और परीक्षा घोटालों जैसे गंभीर मुद्दों पर इसने देश के युवाओं को बेहद एक्टिव कर दिया है। हालांकि, इस तेज़ी से बढ़ते सोशल मीडिया नैरेटिव के बीच इस पार्टी का X यानी ट्विटर अकाउंट बैन भी किया जा चुका है, लेकिन इंस्टाग्राम पर इसकी रफ़्तार थमने का नाम नहीं ले रही। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भले ही इस सैटायर मूवमेंट से सरकारों को कोई सीधा चुनावी डर न हो, लेकिन इसने यह साफ़ कर दिया है कि आज की Gen Z पीढ़ी सड़कों पर उतरने के बजाय मीम्स और डिजिटल टूल्स के ज़रिए भी सत्ता पर एक बड़ा दबाव बना सकती है।

