बीजिंग। चीन के गुआंग्शी में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से तबाही मची है। अब तक इस क्षेत्र में 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 9 अन्य लोग लापता हैं। चीनी अधिकारियों ने गुरुवार को बाढ़ के हालातों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बाढ़ नियंत्रण और आपदा राहत पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मरने वालों में क्षेत्रीय राजधानी नाननिंग में एक बड़े डैम के टूटने से हुई मौतें भी शामिल हैं।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, मंगलवार को चीन के जिलिन प्रांत में भारी बारिश के कारण आई भीषण बाढ़ को देखते हुए अधिकारियों ने आपातकालीन बाढ़ प्रतिक्रिया स्तर को लेवल-4 से बढ़ाकर लेवल-3 कर दिया।
टाइफून बावी के प्रभाव से जिलिन में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते सोंगहुआ नदी के जिलिन खंड में इस साल की पहली बड़ी बाढ़ दर्ज की गई है। मेइहे नदी, जो हुइफा नदी की एक सहायक नदी है, में जल स्तर हाइड्रोलॉजिकल रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।
अनुमान है कि पूरी हुइफा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर चला जाएगा। साथ ही, नदियों में बाढ़, पहाड़ी क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड, भूस्खलन जैसी भू-वैज्ञानिक आपदाओं, छोटे और मध्यम आकार के डैम में आपात स्थिति और शहरों में जलभराव का खतरा भी बना हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ नियंत्रण की स्थिति अभी भी गंभीर और जटिल बनी हुई है।
इसी बीच, चीन के जल संसाधन मंत्रालय ने मंगलवार को घोषणा की कि शुक्रवार तक उत्तर-पश्चिम चीन के पूर्वी हिस्सों में हल्की से भारी बारिश का अनुमान है। साथ ही मध्य शानक्सी प्रांत और मध्य व दक्षिणी शानक्सी प्रांत के कुछ हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान येलो नदी और उसकी कई सहायक नदियों (वेईहे, फेनहे और चिनहे नदियां) में जलस्तर बढ़ने की संभावना है, जबकि बारिश से प्रभावित इलाकों में कुछ छोटी और मध्यम आकार की नदियों में जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच सकता है।
मंत्रालय ने शांक्सी और शानक्सी में जल संसाधन अधिकारियों और संबंधित नदी बेसिन प्रबंधन एजेंसियों से निगरानी, पूर्वानुमान और समय रहते चेतावनी जारी करने को कहा है। साथ ती, जलाशयों और सिल्ट डैम की सुरक्षा सुनिश्चित करने और छोटी और मध्यम नदियों व पहाड़ी झरनों में बाढ़ से बचाव के प्रयासों को तेज करने का आग्रह किया गया है।




