सिंगरौली। सिंगरौली से एक चौंकाने वाला साइबर फ्रॉड सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी ही मां के चेहरे का इस्तेमाल कर सैकड़ों फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट कर दिए। पुलिस ने “ऑपरेशन फेस” के तहत इस पूरे मामले का खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि कटौली गांव का पीओएस संचालक अनिल कुमार रवानी डिजिटल सिस्टम से छेड़छाड़ कर अलग-अलग नाम और पते से सिम कार्ड जारी कर रहा था। वह एक ही चेहरे का उपयोग कर कई बार फेशियल ऑथेंटिकेशन पास कर लेता था और बाद में इन सिम कार्ड्स को ब्लैक मार्केट में बेच देता था, जहां उनका उपयोग वित्तीय धोखाधड़ी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में किया जाता था।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी ने अपनी ही मां के चेहरे का इस्तेमाल कर करीब 340 सिम कार्ड एक्टिवेट किए। इसके अलावा अन्य लोगों के चेहरों का उपयोग कर कुल मिलाकर करीब 850 फर्जी सिम तैयार किए गए। इनमें से 400-500 सिम उसने अपने साथी सिराज खान उर्फ शेरू को बेच दिए थे। आरोपी फेशियल रिकग्निशन सिस्टम को धोखा देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का सहारा लेता था। वह अपनी मां को कैमरे के सामने अलग-अलग एंगल और हाव-भाव में खड़ा कर सिस्टम को भ्रमित करता था, जिससे हर बार नई पहचान के रूप में सिम एक्टिवेट हो जाती थी। इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा दूरसंचार विभाग और राज्य साइबर सेल के एआई आधारित टूल से हुआ, जिसने एक ही चेहरे को कई अलग-अलग पहचान से जुड़ा पाया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनिल रवानी और उसके साथी सिराज खान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।

