छतरपुर, संजय अवस्थी। भौतिक सुख-सुविधाओं और उज्ज्वल करियर की चकाचौंध को छोड़कर जैन समाज के तीन युवाओं ने आत्म-कल्याण और वैराग्य के कठिन पथ पर चलने का संकल्प लिया है। तीनों दीक्षार्थियों को आगामी 16 दिसंबर को राजस्थान की राजधानी जयपुर में भव्य समारोह के बीच मुनि दीक्षा प्रदान की जाएगी। इस ऐतिहासिक और भावुक क्षण से पूर्व गुरुवार को छतरपुर में तीनों दीक्षार्थियों का पारंपरिक 'गोद भराई' कार्यक्रम संपन्न हुआ।
परिवार में उत्साह और वैराग्य का संगम शहर के बसारी दरवाजा निवासी चन्द्रशेखर जैन के निवास पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में समाज के लोगों और परिजनों ने दीक्षार्थियों का तिलक लगाकर व श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया। चन्द्रशेखर जैन ने बताया कि मुनि दीक्षा लेने जा रहे तीनों युवा उनके रिश्तेदार हैं। घर में एक तरफ अपने बच्चों के सांसारिक जीवन त्यागने की भावुकता है, तो दूसरी तरफ धर्म और संयम के मार्ग पर उनके कदम बढ़ने का गहरा गर्व भी है।
इंजीनियरिंग और कारोबार छोड़कर चुना संयम का मार्ग दीक्षा लेने वाले तीनों युवाओं ने कम उम्र में ही जीवन की वास्तविकता को समझते हुए वैराग्य को गले लगाया है। इनमें शामिल 18 वर्षीय रोहित जैन हैदराबाद में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। जीवन के इस अहम पड़ाव पर जब वे आचार्य आदित्यसागर जी महाराज के सान्निध्य में पहुंचे, तो उनकी देशना और आध्यात्मिक ऊर्जा से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने अपनी पढ़ाई और सांसारिक जीवन को त्यागकर मुनि बनने का दृढ़ निश्चय कर लिया।
वहीं, दूसरे दीक्षार्थी विशाल जैन बैरागढ़ (भोपाल) के निवासी हैं और एक सफल बिजनेसमैन रहे हैं। व्यापारिक व्यस्तताओं और भौतिक संपन्नता के बीच उन्होंने आत्म-शांति की खोज में वैराग्य का वरण किया है। तीसरे दीक्षार्थी अतिशय जैन ने भी सांसारिक बंधनों को पीछे छोड़कर आजीवन संयम, तप और साधना के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया है।
16 दिसंबर को जयपुर में होगा मुख्य दीक्षा महोत्सव दीक्षा से पूर्व देश के विभिन्न हिस्सों में जहां भी दीक्षार्थियों के परिजन व रिश्तेदार निवासरत हैं, वहां उनकी गोद भराई और मंगल विदाई की रस्में निभाई जा रही हैं। इसी कड़ी में छतरपुर में यह आयोजन किया गया। आगामी 16 दिसंबर को जयपुर में आयोजित होने वाले मुख्य दीक्षा महोत्सव में गुरुदेव के कर-कमलों से इन तीनों युवाओं के केशलोचन के साथ उन्हें मुनि दीक्षा प्रदान की जाएगी, जिसके बाद वे दिगंबर मुनि के रूप में धर्म की प्रभावना करेंगे।
















