मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के भानपुरा थाना क्षेत्र के बरखेड़ी गांव में मकान की नींव की खुदाई के दौरान 100 साल से अधिक पुराने चांदी के सिक्के मिलने का मामला सामने आया है। सिक्के मिलने के बाद उन्हें आपस में बांटकर मामले को दबाने की कोशिश की गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मकान मालिक, मजदूर और दो नाबालिगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे बरखेड़ी गांव में मकान की नींव की खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान खुदाई में बड़ी संख्या में पुराने चांदी के सिक्के मिले। बताया जा रहा है कि सिक्कों की संख्या 700 से अधिक है। इन सिक्कों पर अंग्रेजी शासनकाल के शासक जॉर्ज पंचम की तस्वीर अंकित है और कुछ सिक्कों पर वर्ष 1904 दर्ज बताया जा रहा है।
सिक्के मिलने के बाद मकान मालिक और मजदूर सहित अन्य लोगों ने उन्हें आपस में बांट लिया। बाद में सिक्कों की संख्या को लेकर विवाद की जानकारी पुलिस तक पहुंची। ग्राम चौकीदार से सूचना मिलने के बाद भानपुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मकान मालिक प्रेमसिंह पिता देवीसिंह भाटी, मजदूर जीतमल बैरागी और दो नाबालिगों को आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से अब तक 144 चांदी के सिक्के और 2 लाख 38 हजार रुपये जब्त किए जा चुके हैं।
भानपुरा पुलिस के मुताबिक, तत्कालीन समय में इस्तेमाल हुई चांदी की शुद्धता को देखते हुए एक सिक्के की कीमत करीब 4 हजार रुपये तक होने का अनुमान है। इस हिसाब से बरामद सिक्कों के अलावा मिले सिक्कों की संख्या और उनकी वास्तविक कीमत जांच का विषय है।
फिलहाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और सिक्कों की कुल संख्या, उनकी वास्तविक ऐतिहासिकता एवं मूल्य तथा अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर आगे की जांच की जा रही है।




