मुहूर्त ट्रेडिंग पर सेंसेक्स सपाट बंद, स्मॉलकैप में रही खरीदारी
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार मुहूर्त ट्रेडिंग पर शुक्रवार को करीब सपाट बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 28.02 अंक या 0.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 80,999.40 और निफ्टी 43.95 अंक या 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,986.40 पर था। लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप में खरीदारी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 81.50 अंक या 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 60,688.15 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 191.35 अंक या 1.01 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,166.40 पर था।
सूचकांकों में निफ्टी फार्मा, निफ्टी मीडिया, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी मेटल, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी ऑटो और निफ्टी पीएसई गेनर्स थे।
दूसरी तरफ निफ्टी रियल्टी, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी आईटी, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी कंजप्शन और निफ्टी एफएमसीजी लूजर्स थे।
सेंसेक्स पैक में सन फार्मा, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, पावर ग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, बीईएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, इटरनल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक, एचयूएल, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, आईटीसी, टाइटन और कोटक महिंद्रा बैंक गेनर्स थे। एमएंडएम, इंडिगो, ट्रेंट, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस और बजाज फाइनेंस लूजर्स थे।
मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान बाजार में हुई व्यापक खरीदारी से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केटकैप 2 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 505 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
जानकारों ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दो साल की सुस्ती के बाद, कम वैल्यूएशन और कमाई में तेज बढ़ोतरी के मेल से, बाजार में अगली दीपावली तक निवेशकों को शानदार रिटर्न देने की क्षमता है। कच्चे तेल की कीमतों में संभावित गिरावट, स्थिर करेंसी, विदेशी निवेशकों की वापसी, एआई को लेकर मचे शोर में कमी और हर क्षेत्र में कमाई में बढ़ोतरी जैसे कारक मिलकर आने वाले समय में बाजार को ऊपर ले जाएंगे।