सागर, जीशान खान। सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र स्थित विवेकानंद वार्ड के गयादीन तिराहा पर पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में 25 वर्षीय मयंक साहू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी एक ही गली के रहने वाले थे और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।


जानकारी के अनुसार मयंक साहू का यश सोनी और उसके साथियों से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इसी दौरान आरोपी यश सोनी ने 315 बोर का देशी कट्टा निकालकर मयंक पर बेहद करीब से फायर कर दिया। गोली मयंक के चेहरे पर नाक के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी लोकेश कुमार सिन्हा, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। इस मामले में छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। फिलहाल दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।


पुलिस ने बताया कि घटना में मयंक के छोटे भाई पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया है। उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजन मयंक की अर्थी लेकर सीधे मोतीनगर थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी थाने के बाहर जमा हो गए, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।


थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने परिजनों को आश्वासन दिया कि पुलिस पूरी रात आरोपियों की तलाश में जुटी रही और पांच आरोपियों को राउंडअप कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


सूत्रों के मुताबिक आरोपी यश सोनी के खिलाफ पहले से अड़ीबाजी, मारपीट और लूटपाट जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि मयंक और यश पहले दोस्त थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई थी। पुलिस इस हत्याकांड को यश सोनी के भाई जय सोनी की पूर्व में हुई हत्या से जोड़कर भी जांच कर रही है।


घटना के बाद क्षेत्र में बढ़ते अपराध, अवैध हथियार और खुलेआम शराब बिक्री को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से लगातार पेट्रोलिंग और शराब माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।