सतना, अंबिका केशरी। जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत रनेहीं गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान रोहित डोहर (24 वर्ष) पिता रामलाल डोहर निवासी गौरा मेदनीपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शादी समारोह में शामिल होने रनेही गांव गया हुआ था। इसी दौरान खाने पीने को लेकर हलवाई सतीश डोहर से विवाद शुरू हो गया। वहीं जब युवक अपने गांव लौट रहा था तभी आरोपी सतीश ने अपने साथियों के साथ मिलकर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में छोड़ आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौजूद लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए कोठी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और शादी का माहौल शोक में बदल गया। सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवा दिया। शुक्रवार की सुबह फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी संतोष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी और मृतक एक ही गांव के रहने वाले हैं। मृतक वकालत की प्रैक्टिस कर रहा था जबकि आरोपी हलवाई का काम करता है।फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।
शादी समारोह के दौरान चाकू से हमला कर युवक की हत्या

Saurabh Shukla
1 मई 2026, 09:13 am IST
Saurabh Shukla1 मई 2026, 09:13 am IST
