छतरपुर, संजय अवस्थी। जिले में बीती रात से लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। झमटुली के पाल मोहल्ला स्थित नाला भी तेज बहाव के साथ लबालब हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में पानी भर गया। लगातार हो रही बारिश से खेतों में भी पर्याप्त पानी पहुंच गया है, जिससे किसानों में खुशी का माहौल है।


बारिश का आनंद लेने के लिए बच्चे भी घरों से निकलकर पानी में मस्ती करते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे नालों का जलस्तर बढ़ने से लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।


ग्रामीण अखिलेश पाल ने बताया कि बीती रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे गांव के छोटे नाले उफान पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी के लिए यह बारिश बेहद लाभदायक है। अब जैसे ही मौसम साफ होगा और धूप निकलेगी, किसान खरीफ फसलों की बुवाई का कार्य शुरू कर देंगे।