हटा,जिमी नगरिया। गैसाबाद थाना क्षेत्र के मोहरई गांव में आत्महत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या से पहले युवक ने अपने दोस्त को वीडियो कॉल किया और अपनी परेशानी बताते हुए अलविदा कह दिया। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहरई गांव निवासी रोहित राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित ने आत्महत्या से पहले पेड़ पर चढ़कर गले में फांसी का फंदा लगाया और अपने एक दोस्त को वीडियो कॉल किया। वीडियो कॉल के दौरान रोहित ने एक नामजद व्यक्ति पर आरोप लगाते हुए बताया कि वह उससे 50 हजार रुपए की मांग कर रहा है और पैसे न देने पर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दे रहा है। मृतक ने यह भी कहा कि वह पहले ही उस व्यक्ति को करीब दो लाख रुपए दे चुका है, फिर भी उसे लगातार परेशान किया जा रहा है।


इस दौरान वीडियो कॉल पर मौजूद उसका दोस्त उसे समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन कुछ ही देर बाद रोहित ने फांसी का फंदा लगाकर पेड़ से कूदते हुए आत्महत्या कर ली और मौत को गले लगा लिया। घटना की सूचना मिलते ही गैसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर ASI गोदन सिंह, प्रधान आरक्षक अमजद खान और आरक्षक संदीप कुर्मी पहुंचे और शव का पंचनामा बनाकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।