पेट्रोल पंप पर सिगरेट जलाने पर युवक की पिटाई, वीडियो वायरल
Advertisement
सिवनी,सतीश चंद्र । सिवनी शहर स्थित पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप पर सिगरेट जलाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार देर रात दो युवक बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक पर बैठे एक युवक ने सिगरेट जला ली। जैसे ही पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी की नजर उस पर पड़ी, उसने तुरंत युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने भी युवक की पिटाई कर दी। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों का कहना है कि पेट्रोल पंप परिसर में सिगरेट जलाना बेहद खतरनाक होता है और इससे बड़ा हादसा हो सकता था। इसलिए युवक को रोकने के लिए हस्तक्षेप किया गया।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग कर्मचारियों की कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं, तो कुछ इसे मारपीट की घटना मान रहे हैं। वहीं इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

