शादी टूटी तो 'दहशतगर्द' बना लड़के का बाप; गांव में छोड़ी धमकी भरी चिट्ठी

Advertisement
देवास,हेमंत गुर्जर। जिले के बीएनपी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ा मालसा पूरा से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस और ग्रामीणों दोनों को हैरान कर दिया है। एक शादी टूटने के बाद पैदा हुआ विवाद अब अपराध और दहशत का रूप ले चुका है। आरोपी पिता ने पूरे गांव को ही अपनी रंजिश का निशाना बना लिया है।
₹3.5 लाख का विवाद और 'बदले' की आग
जानकारी के अनुसार, शादी के बाद रिश्ता टूट जाने के कारण करीब साढ़े तीन लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि लड़के का पिता, पिरुलाल (पिता तोलाराम), अपनी रकम वापस न मिलने से इस कदर नाराज है कि उसने पूरे गांव को डराना शुरू कर दिया है।
सरपंच-पंच के नाम 'धमकी भरी चिट्ठी'
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी केवल धमकियां ही नहीं दे रहा, बल्कि उसने गांव में बाकायदा एक पत्र (Letter) भी छोड़ा है। इस पत्र में सरपंच, पंच और अन्य ग्रामीणों को चेतावनी दी गई है कि:
"यदि मेरे पैसे वापस नहीं मिले, तो मैं गांव में बड़ा अनर्थ कर दूंगा।"
किसान की लहसुन की फसल की बर्बाद
आरोपी की दहशत का आलम यह है कि उसने एक किसान की लगभग एक बीघा लहसुन की खड़ी फसल को भी नुकसान पहुँचाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी रात के अंधेरे में चोरी और तोड़फोड़ जैसी वारदातों को अंजाम दे रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में डर का माहौल है।
पुलिस थाने पहुँचे ग्रामीण, कड़ी कार्रवाई की मांग
आज बड़ी संख्या में ग्रामीण और पीड़ित किसान बीएनपी थाने पहुँचे और आरोपी पिरुलाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी की हरकतों से गांव की शांति भंग हो रही है।
पुलिस का पक्ष: बीएनपी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
