छतरपुर,संदीप यादव। जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे एक परिवार का ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।


जानकारी के अनुसार, दमोह जिले के बगरा से एक ही परिवार के करीब 7-8 लोग ऑटो में सवार होकर नंदगांय एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही ऑटो किशनगढ़ के समीप पहुँचा, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ऑटो सड़क पर पलट गया।


हादसे में लछियाबाई अहिरवार नामक महिला की जान चली गई। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को संभाला गया। वहीं घायलों में धनीराम अहिरवार, सुनीता अहिरवार, गुड्डी अहिरवार, रमलू अहिरवार, बिनिया अहिरवार शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी गंभीर घायलों को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया है। वहीं, जिन लोगों को मामूली चोटें आई थीं, उनका प्राथमिक उपचार किशनगढ़ के स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में ही किया गया।