छतरपुर,शिवाकांत मिश्रा। जिला पंचायत छतरपुर के मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्री नमःशिवाय अरजरिया के निर्देश एवं जनपद पंचायत छतरपुर के मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्री अजय सिंह के आदेशानुसार दिनांक 31 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत ईशानगर में साप्ताहिक बाजार बैठकी नीलामी वर्ष 2026-27 की कार्यवाही संपन्न की गई। नीलामी प्रक्रिया प्रभारी अधिकारी श्री छंदूलाल अहिरवार, सहायक श्री बृजेंद्र जोशी एवं उपयंत्री श्री बालकेश चौरसिया की उपस्थिति में तथा ग्राम पंचायत ईशानगर की सरपंच श्रीमति निधि जलज मिश्रा की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हुई।


कार्यवाही के प्रारंभ में ग्राम पंचायत सचिव द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को नीलामी प्रक्रिया एवं नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद कुल 10 इच्छुक बोलीदाताओं द्वारा निर्धारित अमानत राशि जमा कर बोली प्रक्रिया में भाग लिया गया। नीलामी को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार एवं शनिवार साप्ताहिक बाजार बैठकी के ठेकों के लिए अलग-अलग बोली लगाई गई।

\

मंगलवार बाजार बैठकी के लिए हुई नीलामी में सबसे ऊंची बोली श्री शेख अनीश (पिता श्री शेख कदीर, निवासी ईशानगर) द्वारा 3,66,000 रुपये की लगाई गई। अंतिम एवं सर्वोच्च बोलीदाता होने के कारण उन्हें मंगलवार बाजार का ठेका प्रदान किया गया। वहीं शनिवार बाजार बैठकी की नीलामी में सर्वाधिक बोली श्री जितेंद्र सिंह (पिता श्री देवीसिंह) द्वारा 66,500 रुपये की लगाई गई। उन्हें शनिवार बाजार का ठेका आवंटित किया गया।


नीलामी प्रक्रिया के उपरांत दोनों सफल ठेकेदारों द्वारा नियमानुसार ठेका राशि का 50 प्रतिशत भाग तत्काल ग्राम पंचायत ईशानगर में जमा कराया गया। शेष सभी असफल बोलीदाताओं की अमानत राशि नियमानुसार वापस कर दी गई। पूरी नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर सरपंच श्रीमती निधि जलज मिश्रा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिन्होंने नीलामी प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।