मां शारदा के गर्भगृह में शस्त्र पूजा, वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद

Advertisement
सतना,अंबिका केशरी। धार्मिक नगरी मैहर स्थित विश्वप्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में नियमों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक राजा भैया को मां शारदा के गर्भगृह में शस्त्र पूजा करते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन समिति की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो के अनुसार, प्रतिबंध के बावजूद विधायक गर्भगृह में प्रवेश कर शस्त्र पूजा करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो चार दिन पुराना है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। मंदिर प्रशासन के नियमों में गर्भगृह में अस्त्र-शस्त्र ले जाना सख्त रूप से निषिद्ध है। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आने से सुरक्षा तंत्र की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
मंदिर परिसर के नीचे प्रशासक और एसडीएम द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश भी चस्पा हैं, जिनमें साफ तौर पर शस्त्र के साथ प्रवेश पर रोक का उल्लेख है। वायरल वीडियो में 6 फरवरी को विधायक अपने काफिले के साथ मंदिर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। अब तक न तो संबंधित व्यक्ति और न ही प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
श्रद्धालुओं और आम लोगों का कहना है कि जब आम भक्तों के लिए नियम सख्ती से लागू होते हैं, तो फिर किसी विशेष व्यक्ति को प्रतिबंधित क्षेत्र में शस्त्र के साथ प्रवेश की अनुमति कैसे मिली। घटना के बाद मंदिर परिसर में तैनात पुलिस बल और निजी सुरक्षा गार्डों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की तैयारी की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल यह मामला आस्था, सुरक्षा और कानून के समान पालन को लेकर चर्चा और बहस का केंद्र बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस प्रकरण में क्या कार्रवाई करता है।
