वैंकूवर। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में स्विट्जरलैंड के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में हार के बाद कोलंबिया का सफर टूर्नामेंट में खत्म हो गया। हार के बाद कोलंबिया के हेड कोच नेस्टर लोरेंजो ने कहा कि उनकी टीम ने पूरे मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन किया और 90 मिनट के खेल के आधार पर वह जीत के ज्यादा हकदार थे।कोलंबिया और स्विट्जरलैंड के बीच मुकाबला बेहद कड़ा रहा। दोनों टीमें 120 मिनट तक एक भी गोल नहीं कर सकीं। कोलंबिया ने मैच में ज्यादा समय तक गेंद पर नियंत्रण रखा और गोल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन टीम मौकों को भुनाने में नाकाम रही। कोलंबिया के पास मैच जीतने का सबसे अच्छा मौका अतिरिक्त समय के आखिरी हिस्से में आया। सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी जैमिंटन कैम्पाज गोलकीपर को पार करने में सफल रहे, लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया। यह मौका गंवाना टीम के लिए भारी साबित हुआ।

अतिरिक्त समय में भी मुकाबला गोलरहित रहने के बाद मैच का नतीजा पेनल्टी शूटआउट से निकाला गया। इसमें स्विट्जरलैंड ने 4-3 से जीत दर्ज की। रुबेन वर्गास ने निर्णायक पेनल्टी को गोल में तब्दील करते हुए टीम को क्वार्टर फाइनल का टिकट दिलाया।

मैच के बाद लोरेंजो ने कहा कि उनकी टीम को अपने मौकों का फायदा उठाना चाहिए था। उन्होंने माना कि मुकाबला काफी रणनीतिक और मुश्किल था, लेकिन खिलाड़ियों के प्रयास और आक्रामक सोच को देखते हुए कोलंबिया 90 मिनट में बेहतर नतीजे का हकदार था। लोरेंजो ने कहा कि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, खिलाड़ियों पर थकान का असर दिखाई देने लगा और टीम को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ा। उन्होंने बताया कि जैमिंटन कैम्पाज को इसी वजह से मैदान पर उतारा गया था ताकि टीम को ज्यादा आक्रामक बनाया जा सके।

कोच ने अपनी टीम के खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि ये सभी खिलाड़ी दुनिया की बड़ी लीगों में खेलते हैं और उनमें शानदार क्षमता है। हालांकि, फुटबॉल में कई बार अच्छा खेलने के बावजूद गोल नहीं हो पाता और छोटी गलतियों की कीमत चुकानी पड़ती है। लोरेंजो ने पूरे टूर्नामेंट में गोलकीपिंग के स्तर की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "इस वर्ल्ड कप के दौरान गोलकीपर्स ने जो लेवल दिखाया है, वह कमाल का है।" कोलंबिया के कोच के अनुसार, इस वर्ल्ड कप में कई मुकाबले बेहद करीबी रहे और छोटी-छोटी चीजों ने टीमों के बीच अंतर पैदा किया।

कोलंबिया के अनुभवी स्ट्राइकर लुइस सुआरेज ने भी टीम के बाहर होने पर निराशा जताई। सुआरेज ने कहा कि उन्हें लगता है कि यह टीम टूर्नामेंट में और आगे तक जा सकती थी। सुआरेज ने प्रशंसकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वर्ल्ड कप में टीम का प्रदर्शन सकारात्मक रहा और यह भविष्य के लिए एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।