मेदिनीनगर 8 मई । झारखंड के पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ गेरूआ गांव में शुक्रवार दोपहर एक पुराने कच्चे मकान की मरम्मत के दौरान मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मकान मालिक प्रदीप उर्फ गटौरी बैठा के पुत्र सतीश बैठा (20 वर्ष) और मजदूर दुखी भुइयां (60 वर्ष) के रूप में की गई है।

दरअसल प्रदीप बैठा के पुराने कच्चे मकान की मरम्मत का काम चल रहा था। मरम्मत के लिए मकान की खपड़ैल छत को पहले ही हटा दिया गया था। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण मिट्टी की दीवारें काफी कमजोर और नम हो चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे सतीश बैठा मजदूरों के साथ काम में हाथ बंटाने के बाद दीवार के किनारे बैठकर पानी पी रहा था, तभी अचानक जर्जर दीवार उन पर गिर पड़ी।

मलबे में दबने से दुखी भुइयां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सतीश को आनन-फानन में इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया है। सूचना मिलते ही विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हालांकि, सतीश के परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसके शव को अस्पताल से घर ले आए। इस घटना ने एक बार फिर जर्जर निर्माणों की मरम्मत के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।