विटामिन डी3 की कमी से जुड़ी हैं कई परेशानियां

Advertisement
विटामिन डी की कमी आज तेजी से एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है। बालों का झड़ना, हर वक्त थकान महसूस होना और पेट से जुड़ी समस्याएं अक्सर लोग अलग-अलग कारणों से जोड़कर देखते हैं, लेकिन कई मामलों में इन सभी की जड़ एक ही छुपी हुई कमी होती है। विशेषज्ञों के अनुसार, विटामिन डी को अब केवल एक पोषक तत्व नहीं, बल्कि हार्मोन की तरह काम करने वाला तत्व माना जा रहा है, जो शरीर में सूजन, ऊर्जा संतुलन, इम्युनिटी, पाचन तंत्र और यहां तक कि बालों की सेहत को भी प्रभावित करता है। न्यूट्रिशनिस्ट का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति तीन महीने तक नियमित रूप से विटामिन डी3 सप्लीमेंट लेता है, तो शरीर में कई सकारात्मक बदलाव साफ तौर पर महसूस किए जा सकते हैं। विटामिन डी3 का सबसे बड़ा असर हड्डियों और मांसपेशियों पर पड़ता है। यह शरीर में कैल्शियम के अवशोषण को बेहतर बनाता है, जिससे हड्डियों का दर्द कम होता है और मांसपेशियों की कमजोरी में सुधार आता है।
लंबे समय तक इसकी कमी रहने पर ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा बढ़ जाता है, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों में। नियमित सप्लीमेंटेशन से हड्डियां मजबूत होती हैं और चलने-फिरने में होने वाली परेशानी घट सकती है। इम्युनिटी सिस्टम को मजबूत बनाने में भी विटामिन डी3 की भूमिका अहम मानी जाती है। इसकी पर्याप्त मात्रा होने पर शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है, जिससे बार-बार सर्दी-खांसी और वायरल संक्रमण होने की संभावना कम हो सकती है। शोध बताते हैं कि विटामिन डी शरीर को बैक्टीरिया और वायरस से लड़ने में मदद करता है, जिससे इंफेक्शन से उबरने की क्षमता बढ़ती है। अगर कोई व्यक्ति बिना ज्यादा मेहनत के भी थकान, सुस्ती या शरीर में दर्द महसूस करता है, तो इसके पीछे विटामिन डी3 की कमी हो सकती है।
न्यूट्रिशनिस्ट के अनुसार, तीन महीने तक नियमित सेवन से एनर्जी लेवल में सुधार देखा जा सकता है और रोजमर्रा के कामों में पहले जैसी थकावट महसूस नहीं होती। मेंटल हेल्थ पर भी इसका असर नजर आता है। विटामिन डी3 मूड को बेहतर बनाने में मदद करता है और तनाव को कम कर सकता है। कुछ मामलों में यह डिप्रेशन के लक्षणों को हल्का करने और नींद की गुणवत्ता सुधारने में भी सहायक पाया गया है। इसके अलावा, बालों के झड़ने की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए भी विटामिन डी3 फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि इसकी कमी को बाल झड़ने के आम कारणों में गिना जाता है।
