मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले में बारिश के मौसम के साथ वायरल बुखार, सर्दी-खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। वहीं, सीतामऊ में तेज बुखार से पीड़ित दो साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत होने से स्वास्थ्य विभाग और लोगों की चिंता बढ़ गई है।


जानकारी के अनुसार, बच्ची को तेज बुखार आने के बाद उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब दो दिन तक इलाज चलने के बाद बच्ची की मौत हो गई। हालांकि, बच्ची की मौत की वास्तविक वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


जिले के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में इन दिनों वायरल बुखार के साथ सर्दी-खांसी और मौसमी बीमारियों के मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण कई जगह लंबी कतारें लग रही हैं। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।


ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर सीतामऊ वीके सुराहा ने लोगों से अपील की है कि बुखार या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं न लें। मरीजों को आवश्यक जांच कराने और डॉक्टर की सलाह के बाद ही उपचार शुरू करने की सलाह दी गई है।


स्वास्थ्य विभाग ने बारिश के मौसम को देखते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। मच्छरों से बचाव के लिए भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग के अनुसार, बुखार की स्थिति में लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लें।