भोपाल,जीतेंद्र यादव। राजधानी भोपाल में चर्चित विजय मेवाड़ा हत्याकांड में पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। मामले के मुख्य आरोपी आसिफ के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है, जिसमें वह घायल हो गया। भोपाल कमिश्नर संजय कुमार ने पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत जानकारी दी है। भोपाल कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी आसिफ रातीबड़ इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, आसिफ ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
कमिश्नर के मुताबिक, पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आसिफ घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
संजय कुमार, भोपाल कमिश्नर
“हमें सूचना मिली थी कि आरोपी आसिफ रातीबड़ क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी ने पहले फायर किया। पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हुआ है। उसका इलाज जारी है।”
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी आसिफ कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि उसका आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। कमिश्नर ने बताया कि अब तक उसके खिलाफ 9 अपराध दर्ज पाए गए हैं।
इसके साथ ही पुलिस उस हथियार की भी जांच कर रही है, जो आसिफ के पास से बरामद किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हथियार कहां से आया और किस चैन के जरिए आरोपी तक पहुंचा।
संजय कुमार, भोपाल कमिश्नर
“आसिफ एक पुराना अपराधी है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। अब तक 9 अपराध सामने आए हैं। उसके पास से जो हथियार मिला है, उसकी सप्लाई चैन को भी ट्रेस किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है। विजय मेवाड़ा हत्याकांड में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



