महाराजपुर,शिवम। महाराजपुर क्षेत्र के शासकीय माध्यमिक शाला कुस्मा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पढ़ाई छोड़ छात्राओं से स्कूल की सफाई कराई जा रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, शासकीय माध्यमिक शाला कुस्मा में छात्राओं से झाड़ू लगवाने का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो स्थानीय युवक प्रभात नायक द्वारा बनाया गया बताया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हो चुका है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्राएं स्कूल परिसर में झाड़ू लगाते हुए नजर आ रही हैं, जबकि यह समय पढ़ाई का होना चाहिए।
इस घटना ने न केवल शिक्षा के अधिकार पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही भी उजागर कर दी है। अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद के साथ स्कूल भेजते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं उनके विश्वास को ठेस पहुंचाती हैं।
बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में लंबे समय से गंदगी फैली हुई है। हैरानी की बात यह है कि माध्यमिक परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण समय में भी साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में बच्चों से ही सफाई कराना कहीं न कहीं जिम्मेदारों की उदासीनता को दर्शाता है।
वीडियो वायरल होने के बाद अब शिक्षा विभाग और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है। फिलहाल, यह घटना शिक्षा व्यवस्था की हकीकत को उजागर करती नजर आ रही है, जहां बच्चों का भविष्य दांव पर लगता दिखाई दे रहा

