छतरपुर, शिवम सोनी। भीषण गर्मी के बीच छतरपुर पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था की है। शुक्रवार दोपहर SP Office Chhatarpur परिसर में यह विशेष अभियान चलाया गया। यह पहल पुलिस अधीक्षक अगम जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के निर्देशन में की गई। इस दौरान परिसर में पेड़ों पर मिट्टी के सकोरों और पात्रों में पानी भरकर टांगा गया, ताकि गर्मी के इस मौसम में पक्षियों को आसानी से पानी मिल सके। साथ ही उनके लिए दाने की भी व्यवस्था की गई।
एसपी अगम जैन ने बताया कि जिस तरह इंसानों के लिए गर्मी में पानी जरूरी होता है, उसी तरह पक्षियों के लिए भी जल और भोजन की आवश्यकता होती है। इसी सोच के साथ यह पहल की गई है, जिससे उन्हें राहत मिल सके। इसके अलावा, एसपी कार्यालय में आने वाले पीड़ितों और आम नागरिकों के लिए भी ठंडे और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। यह पहल न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण बल्कि जीवों के प्रति संवेदनशीलता का भी एक सकारात्मक उदाहरण मानी जा रही है।

