अंडर-19 वर्ल्ड कप, IND vs ZIM जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, वैभव के पास गिल का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका

Advertisement
अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स चरण में आज भारत और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने हैं। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुकाबला दोपहर 1 बजे से बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। दोनों टीमें सुपर सिक्स के ग्रुप-2 में शामिल हैं।
ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम इंडिया ने अमेरिका, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराते हुए ग्रुप चरण में अजेय रहते हुए सुपर सिक्स में जगह बनाई। वहीं जिम्बाब्वे का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा। उसे पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जबकि स्कॉटलैंड के खिलाफ उसका एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया।
यूथ वनडे क्रिकेट में भारत का पलड़ा जिम्बाब्वे के खिलाफ भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 6 मुकाबलों में भारत ने सभी मैच जीते हैं। जिम्बाब्वे आज अपनी पहली जीत की तलाश में मैदान पर उतरा है, जबकि भारत इस रिकॉर्ड को और मजबूत करना चाहेगा।
भारतीय बल्लेबाजी इस टूर्नामेंट में मजबूत नजर आई है। पिछले मैच में कप्तान आयुष म्हात्रे ने शानदार वापसी करते हुए 27 गेंदों में 53 रन बनाए थे। ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने भी 23 गेंदों पर 40 रन की तेज पारी खेली थी। वैभव के पास इस मुकाबले में शुभमन गिल के अंडर-19 रिकॉर्ड को तोड़ने का भी मौका है। मिडिल ऑर्डर में अभिज्ञान कुंडू ने अब तक 3 मैचों में 122 रन बनाकर टीम को स्थिरता दी है।
गेंदबाजी में हेनिल पटेल भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने अब तक 9 विकेट झटके हैं, जिसमें 5/16 का शानदार प्रदर्शन शामिल है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में आरएस अंबरीश को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था, जहां उन्होंने 29 रन देकर 4 विकेट लिए थे।
टीमें
भारत: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, आरएस अंब्रिश, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हरवंश पांगलिया, उधव मोहन, किशन कुमार सिंह, मोहम्मद इनान।
जिम्बाब्वे: सिम्बाराशे मुडजेंगरेरे (कप्तान), कुपाक्वाशे मुरादजी (विकेटकीपर), नैथनियल हलाबंगाना, कियान ब्लिगनॉट, ध्रुव पटेल, लीरॉय चिवाउला, ब्रैंडन सेंजरे, माइकल ब्लिगनॉट, टाटेंडा चिमुगोरो, पनाशे माजाई, शेल्टन माजविटोरेरा, तकुद्जवा माकोनी, ब्रैंडन न्डिवेनी, वेब्स्टर माधिधी, बेनी जुजे।
