प्रतिबंधित टैबलेट अल्प्राजोलम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा। इंदौर में खजराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवा अल्प्राजोलम की 1200 टैबलेट के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक युवक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) का काम करता है।
खजराना थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में अलग–अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान स्टार चौराहे के पास एक खाली मैदान में दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के पास खड़े नजर आए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपने नाम साहिल और अकरम बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से प्रतिबंधित नशे की 1200 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अल्प्राजोलम टैबलेट के नशे के आदी हैं और सस्ते दामों पर खरीदकर नशे के आदी अन्य लोगों को महंगे दामों पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी साहिल मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) का काम करता है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
