पन्ना। जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण उस समय आया जब आजादी के बाद पहली बार पन्ना में ट्रेन का सफल ट्रायल किया गया। फुलवारी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ट्रायल रन पूरी तरह सफल रहा, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। वर्षों से रेल सुविधा की मांग कर रहे लोगों का सपना अब साकार होता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार रेलवे विभाग द्वारा किए गए इस ट्रायल में सभी तकनीकी मानकों की जांच की गई, जो संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने बताया कि ट्रायल सफल रहने के बाद अब जल्द ही इस रूट पर नियमित ट्रेन संचालन शुरू किया जाएगा।
रेल सेवा शुरू होने से पन्ना जिले के विकास को नई गति मिलेगी। व्यापार, पर्यटन और आवागमन के साधनों में सुधार होगा, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। खासतौर पर खजुराहो और पन्ना टाइगर रिजर्व जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए सरकार और रेलवे विभाग का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द ही नियमित ट्रेनों का संचालन शुरू कर क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

