छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। चंदला-बंजारी मार्ग पर स्थित लोहरुप नदी का नाला भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। नाले का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इसके बावजूद ग्रामीण जरूरी कामों के चलते जान जोखिम में डालकर उफनते पानी को पार करने को मजबूर हैं।


तेज बहाव के बीच बाइक उठाकर पार कर रहे ग्रामीण


नाले में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद ग्रामीण समूह बनाकर बाइक और अन्य वाहनों को उठाकर पुल पार करते नजर आ रहे हैं। तस्वीरों और वीडियो में कई लोग चार-पांच की टोली बनाकर वाहनों को पानी के बीच से निकालते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।


सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से नाराजगी


ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदनशील स्थिति के बावजूद मौके पर प्रशासन की ओर से कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। पुल के दोनों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही पुलिस या राजस्व विभाग का अमला तैनात है। चेतावनी बोर्ड अथवा अन्य सुरक्षा इंतजाम भी नजर नहीं आ रहे हैं।


जरूरी काम के चलते मजबूरी में पार कर रहे नाला


स्थानीय निवासी कामता श्री यादव और रामशरण यादव ने बताया कि जरूरी और अर्जेंट काम होने के कारण उन्हें मजबूरी में अपनी जान जोखिम में डालकर उफनता नाला पार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के दौरान ऐसे संवेदनशील स्थानों पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की जाए और आवागमन रोकने के लिए बैरिकेडिंग की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।