जंगल का राजा बना भोलेनाथ का भक्त, वीडियो ने मचाया तहलका

Advertisement
कटनी, सुमित पाण्डेय। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में स्थित सडार के घने जंगलों से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों के होश उड़ा दिए हैं। यहां एक शक्तिशाली बाघ को प्राचीन शिवलिंग पर अपना सिर रगड़ते और जीभ फेरते हुए देखा गया। शाम के धुंधलके में कैद हुए इस दृश्य में बाघ बड़े ही शांत और संयमित अंदाज में शिवलिंग के पास पहुंचा, कुछ देर तक सिर टिकाकर रगड़ा और फिर चुपचाप जंगल की गहराई में गायब हो गया। कोई आक्रामकता नहीं, कोई दहाड़ नहीं—बस एक अनोखी भक्ति जैसा नजारा।
1<iframe width="458" height="815" src="https://www.youtube.com/embed/9oDk8zL-Vkk" title="जंगल का राजा बना भोलेनाथ का भक्त, वीडियो ने मचाया तहलका" frameborder="0" allow="accelerometer; autoplay; clipboard-write; encrypted-media; gyroscope; picture-in-picture; web-share" referrerpolicy="strict-origin-when-cross-origin" allowfullscreen></iframe>
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह घटना बीते बुधवार की देर शाम की है। सडार गांव के ठीक पास जंगल में एक चबूतरे पर महादेव का प्राचीन शिवलिंग स्थापित है, जहां यह दुर्लभ दृश्य रिकॉर्ड हुआ। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे भगवान भोलेनाथ की लीला बता रहे हैं, तो कोई इसे चमत्कार मानकर 'हर हर महादेव' के नारे लगा रहा है। कईयों का कहना है कि जंगल का राजा भी अब महादेव की शरण में आ गया।
हालांकि वन विभाग के अधिकारी इस पर अलग नजरिया रखते हैं। पान उमरिया रेंज के अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि यह स्थान गांव से महज 400 मीटर की दूरी पर है। बाघों का इस इलाके में आना-जाना आम है। जंगली जानवर अक्सर खुजली मिटाने या अपनी गंध छोड़ने के लिए पत्थरों, पेड़ों या ऐसी ठोस चीजों पर सिर रगड़ते हैं। फिर भी वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। एक तरफ लोग इसे आस्था से जोड़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों में दहशत का माहौल है कि कहीं बाघ गांव की ओर न बढ़ आए।
वन विभाग ने तुरंत अलर्ट जारी कर दिया है। गस्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल की ओर न जाएं और सतर्क रहें। यह अनोखा संगम—वन्यजीव और आस्था का—अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। क्या यह सच में शिवभक्ति है या बस प्रकृति का एक रोचक खेल? वीडियो देखकर हर कोई अपनी राय बना रहा है, लेकिन यह नजारा लंबे समय तक लोगों के जेहन में बना रहेगा।
