श्योपुर, उमेश मीणा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती ने चीतों को अंगीकृत कर उन्हें अपने परिवार का हिस्सा बना लिया है। देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा लगभग साढ़े तीन वर्ष पूर्व शुरू की गई चीता पुनर्स्थापना परियोजना आज सफलता के साथ आगे बढ़ रही है और मध्यप्रदेश इस दिशा में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को Kuno National Park में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कूनो नदी के किनारे स्थित चीता रिलीज साइट पर सीसीवी-2 और सीसीवी-3 नामक दो मादा चीतों को खुले जंगल में रिलीज किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश धर्म, निवेश और जैव विविधता के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। नाइजीरिया, दक्षिण अफ्रीका और अब बोत्सवाना से लाए गए चीतों के पुनर्वास को निरंतर सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब देशभर में “चीता स्टेट” के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में प्रदेश में कुल 57 चीते हैं, जिनमें से 54 चीते कूनो नेशनल पार्क में तथा 3 चीते गांधी सागर अभ्यारण्य में मौजूद हैं।
कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, मध्यप्रदेश वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामनिवास रावत, सहरिया विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा पीसीसीएफ श्रीमती राजौरा, डीआईजी संजय कुमार जैन, कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।




