दो बहनों की लग्जरी लाइफस्टाइल के पीछे का 'काला सच': झुग्गी से विला तक कैसे पहुंची...?

Advertisement
भोपाल। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार और शोषण के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने लालच और नशे के जाल में फंसाकर युवतियों का जीवन नर्क बना दिया था। पुलिस ने इस मामले में दो सगी बहनों अमरीन उर्फ माहिरा और आफरीन सहित उनके साथी चंदन यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर न केवल दुष्कर्म और देह व्यापार के लिए मजबूर करने, बल्कि पीड़ितों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के भी गंभीर आरोप लगे हैं।
झुग्गी से आलीशान विला तक का सफर
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अमरीन और आफरीन पहले स्पा सेंटर में काम करती थीं। चंदन यादव के संपर्क में आने के बाद उन्होंने युवतियों को ब्लैमेल कर देह व्यापार के धंधे में धकेलना शुरू कर दिया। इस अनैतिक धंधे से आरोपियों ने इतनी संपत्ति अर्जित की कि वे झुग्गी से निकलकर आलीशान विला में रहने लगे और अत्यंत विलासी जीवन (लग्जरी लाइफस्टाइल) जीने लगे। सोमवार को जब आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, तो वहां मौजूद पीड़िताओं के परिजनों ने आक्रोश में उन पर हमला करने का प्रयास भी किया।
नौकरी का झांसा देकर फंसाया, नशे की हालत में किया शोषण
मामले का खुलासा तब हुआ जब दो युवतियों ने हिम्मत जुटाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। एक छत्तीसगढ़ निवासी ब्यूटीशियन ने बताया कि आफरीन ने दोस्ती कर उसे अपने साथ रखा और बाद में चंदन यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं, दूसरी पीड़िता, जो वेटर का काम करती थी, उसे फिक्स नौकरी का झांसा देकर अमरीन ने अपने घर पर रख लिया। पीड़िता का आरोप है कि उसे नशे की दवा खिलाकर चंदन ने दुष्कर्म किया और बाद में चानू व यासिर नाम के युवकों ने भी उसका शोषण किया।
धर्मांतरण का दबाव और देह व्यापार का नरक
पीड़िताओं ने पुलिस को बताया कि उन पर धर्म परिवर्तन के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। अमरीन के कहने पर चंदन (जो खुद धर्म बदल चुका है) युवतियों को कम कपड़ों में पब ले जाता था और दूसरे पुरुषों से संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। विरोध करने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता था। एक पीड़िता इतनी डर गई थी कि वह जनवरी 2026 में भोपाल छोड़कर अपने रिश्तेदारों के पास भाग गई थी। थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।


