चार दिन से लापता 17 वर्षीय किशोरी का शव बड़े तालाब में तैरता मिला, सनसनी फैली

Advertisement
छतरपुर (राघवेन्द्र रिछारिया)। छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। बीते 14 फरवरी (शनिवार) की रात से लापता 17 वर्षीय किशोरी अर्पणा साहू का शव आज सुबह गौरिहार के बड़े तालाब में तैरता हुआ मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गौरिहार निवासी जयप्रकाश साहू की पुत्री अर्पणा साहू (उम्र 17 वर्ष 5 माह) शनिवार रात घर से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों ने तुरंत गौरिहार थाने में पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
आज सुबह तालाब में तैरता शव देखकर लोगों ने सूचना दी, जिसके बाद गौरिहार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किशोरी की मौत हादसे में हुई, आत्महत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
