सूर्यकुमार ने तिरुपति बालाजी मंदिर में पूजा अर्चना की

Advertisement
भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी पत्नी देविशा शेट्टी के साथ तिरुपति बालाजी मंदिर में पूजा अर्चना कर भगवान का आर्शिवाद लिया। सूर्यकुमार और उनकी पत्नी ने वैकुंठ एकादशी के शुभ अवसर पर भगवान वेंकटेश्वर की पूजा-अर्चना की और पवित्र वैकुंठ द्वारम से होकर दर्शन किए। इसे अत्यंत पावन माना जाता है। सूर्या पिछले कुछ समय से अपने नाम के अनुरुप प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं और माना जा रहा है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले इसी कारण भागवान की शरण में पहुंचे होंगे।
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीडीपी) प्रशासन ने सूर्यकुमार और उनकी पत्नी के लिए विशेष दर्शन की व्यवस्था भी की। सुबह के समय दोनों ने शांतिपूर्वक भगवान के दर्शन किए। दर्शन के बाद मंदिर के पुजारियों ने उन्हें रंगनायकुलावरी मंडपम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आशीर्वाद दिया। इसके पश्चात दोनों को तीर्थ प्रसाद प्रदान किया गया और उन्होंने भगवान को वस्त्र अर्पित किए।
मंदिर परिसर में सूर्यकुमार और देविशा को देखकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। दोनों पारंपरिक परिधान में सादगी और श्रद्धा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए। उनकी विनम्रता और आस्था ने एक बार फिर यह दिखाया है कि व्यस्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम के बाद भी भारतीय खिलाड़ी अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों से जुड़े हुए हैं। उनके मंदिर दर्शन का एक वीडियों भी आया है। इसमें दिख रहा है कि सूर्यकुमार जब मंदिर की तरफ जा रहे थे तो प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया। सूर्यकुमार ने पास आने वाले प्रशंसकों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। कुछ पल के लिए वो रुके भी जिससे तस्वीर लेने वालों को पूरा समय मिल सके और किसी को परेशानी भी ना हो। इससे पहले साल 2023 में भी उन्होंने वेंकटेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। इसकी तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की थी। इसके अलावा वह बाबा महाकाल और अन्य मंदिरों में भी दर्शनों के लिए पहुंचते रहे हैं। वहीं सूर्या के अलावा बल्लेबाज तिलक वर्मा भी भगवान वेंकटेश्वर के दर्शनों के लिए पहुंचे। उनके साथ बीसीसीआई एपेक्स काउंसिल के सदस्य और पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर वी. चामुंडेश्वरनाथ भी थे। तिलक इससे पहले एशिया कप 2024 से पहले भी तिरुमला आए थे।
