छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित सरकारी नंबर 1 स्कूल में छात्रों के बीच हुई बेरहमी वाली मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ छात्र दूसरे छात्र के साथ क्रूरता से मारपीट करते दिख रहे हैं, जिससे स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


बताया जा रहा है कि यह घटना कुछ महीने पुरानी है, लेकिन वीडियो अब सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर लोगों में भारी नाराजगी फैल गई है। स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।


मामले की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाने के सीएसपी अरुण सोनी ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से बात कर पूरी घटना की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच चल रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही तय की जाएगी।