छतरपुर। लवकुशनगर स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी बालक स्कूल में अतिथि शिक्षक पंजीयन वेरिफिकेशन कराने पहुंचे अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दूर-दराज से आए युवक-युवतियां घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर समय पर नहीं पहुंचा। जानकारी के अनुसार अतिथि शिक्षक पंजीयन वेरिफिकेशन की अंतिम तिथि 11 मई निर्धारित है। बीच में रविवार होने के कारण अभ्यर्थियों में पहले से ही चिंता बनी हुई है। ऐसे में समय पर काम नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने संकुल प्राचार्य यू.एस. भड़ेरिया से कंप्यूटर ऑपरेटर के आने का समय पूछा।
अभ्यर्थियों राहुल विश्वकर्मा, पप्पू राठौर, अरविंद कुशवाहा, सुमित सिंह, राजकरण, संजना भुर्जी, अजय और रोहित का आरोप है कि दोपहर करीब 12:50 बजे जब उन्होंने जानकारी मांगी तो प्राचार्य नाराज हो गए और अभद्र भाषा में जवाब देते हुए कहा कि “नहीं होना है वेरिफिकेशन, यहां से भागो।” अभ्यर्थियों का कहना है कि अंतिम तिथि नजदीक होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अपनी ड्यूटी गंभीरता से नहीं निभा रहे हैं। मामले को लेकर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

