भिंड,अक्षय जोशी । भिंड में आज “रोड नहीं तो टोल नहीं” के नारे के साथ एक बड़ा जनआंदोलन शुरू होने जा रहा है। नेशनल हाईवे 719 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर संत समाज के आवाहन पर यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। आंदोलन में भूतपूर्व सैनिक, समाजसेवी संगठन, विपक्षी राजनीतिक दल, किसान, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल होने की तैयारी में हैं।
दरअसल, नेशनल हाईवे 719 की जर्जर हालत और लगातार हो रहे हादसों को लेकर लोगों में लंबे समय से नाराजगी है। इसी को देखते हुए संत समाज ने “रोड नहीं तो टोल नहीं” आंदोलन का ऐलान किया है। आंदोलन की शुरुआत आज सुंदरकांड पाठ के साथ की जाएगी।
संत समाज के प्रतिनिधियों ने बरेठा टोल प्लाजा पर टेंट लगाकर डेरा जमा लिया है और यहीं से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। आंदोलन में उन सभी लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है जो इस हाईवे से रोज गुजरते हैं और इसकी खराब स्थिति से परेशान हैं।
हालांकि प्रशासन की ओर से आंदोलन की अनुमति नहीं दी गई है, इसके बावजूद संत समाज और विभिन्न संगठनों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
स्थिति को देखते हुए भिंड और ग्वालियर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। टोल प्लाजा के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।



