मंत्रालय में हड़कंप: देरी से आने वाले कर्मचारियों पर 'छापामार' कार्रवाई

Advertisement
भोपाल । मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक सख़्ती दिखाते हुए आज वल्लभ भवन, विंध्याचल भवन और सतपुड़ा भवन में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री आज भोपाल से बाहर दौरे पर रहेंगे, इसके बावजूद मुख्यमंत्री सचिवालय एवं सामान्य प्रशासन विभाग को आज सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक तीनों भवनों में अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के तहत कर्मचारियों के आने-जाने का समय, कार्यालय में वास्तविक उपस्थिति तथा किसी भी प्रकार की अनधिकृत अनुपस्थिति की जानकारी संकलित की जाएगी।
सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए विशेष टीमें गठित कर तीनों भवनों में तैनात कर दी हैं। साथ ही सभी वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस कार्रवाई की पूर्व सूचना दे दी गई है, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई की रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
