एमजी रोड क्षेत्र में तेज रफ्तार कार का कहर दुकान में घुसी कार, 7 वाहनों को मारी टक्कर, 4 घायल

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा । मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। एमजी रोड थाना क्षेत्र में एक शराबी कार चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया और सीधे एक कपड़े की दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान के बाहर खड़े कई वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि चार लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना एमजी रोड थाना क्षेत्र के चिकमंगलूर चौराहे के पास की है, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर कपड़े की दुकान में जा घुसी। कार ने सड़क पर खड़े दोपहिया वाहनों को भी टक्कर मार दी, जिससे कुल सात वाहनों को क्षति पहुंची।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। आक्रोशित भीड़ ने चालक की पिटाई कर दी, बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक गजानंद मालवीय को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
